इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, रात्रि गश्ती और अज्ञात वाहन चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पल में एक परिवार का सहारा छिन गया और घर में मातम पसरा हुआ है।
लोकतंत्र सवेरा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के तहत टाटा–पटमदा मुख्य सड़क एक बार फिर खून से लाल हो गई। पगदा गांव के समीप शुक्रवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे में पल्सर बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक किसी अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हेलमेट पहने होने के बावजूद युवक के सिर में गंभीर चोट आई और घटनास्थल पर ही उसकी सांसें थम गईं। सड़क किनारे खून का बड़ा धब्बा हादसे की भयावहता बयां कर रहा था।
आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे के बाद हुआ। लेकिन दुर्भाग्य देखिए, घंटों तक किसी की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर नहीं पड़ी। शनिवार सुबह करीब सात बजे राहगीरों ने जब सड़क किनारे नाले के पास युवक का शव देखा, तब जाकर बोड़ाम थाना को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने हलुदबनी ओपी की पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
मृतक की बाइक का नंबर JH05BB-2198 है, जिसके आधार पर वाहन मालिक की पहचान संजय कुमार महतो, निवासी बालिगुमा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मृतक के सिर में गंभीर चोट और मौके पर ही मौत से यह आशंका और मजबूत हो गई है कि युवक को किसी भारी वाहन ने टक्कर मारी।
परिजनों के अनुसार संजय कुमार मूल रूप से बालिगुमा का रहने वाला था और पटमदा से अपने बड़े भाई को छोड़कर वापस लौट रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। बड़े भाई ने शव की शिनाख्त करते हुए बताया कि अगर समय रहते किसी राहगीर या गश्ती दल की नजर पड़ जाती, तो शायद आज संजय जिंदा होता।
