जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत रामटेकरी रोड के पास स्कूटी सवार दो लोगों पर 15 से 20 युवकों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, जुगसलाई निवासी तपस कुमार अपने कर्मचारी मनीष यादव के साथ स्कूटी से नया बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो-तीन बाइक सवार युवकों ने उनसे बहस की। इसके बाद करीब 15–20 की संख्या में युवकों ने दोनों पर हमला कर दिया।हमले में मनीष यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हमलावरों ने तपस कुमार पर चाकू से भी वार करने की कोशिश की, लेकिन वह बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना पाकर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार किया है।
