जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो उलीडीह ओपी अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर पांच में बच्चा चोरी के शक में स्थानीय लोगों ने सोएब अंसारी की जमकर पिटाई कर दी. हालांकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर सोएब को बताया जिसके बाद उसे उलीडीह थाना ले जाया गया. यहां पहले पुलिस ने सोएब को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. सोएब उलीडीह के हयातनगर का रहने वाला है।
सोएब ने पुलिस को बताया कि वह दूध का कारोबार करता है. वह शंकोसाई रोड नंबर एक से एक गाय और बछड़ा खरीदकर ले जा रहा था. चूंकि दोनों को ले जाने में कठिनाई होती है इसलिए उसने रास्ते में बच्चे को कहा कि वह गाय के बछड़े को ले जाने में मदद करे इसके लिए उसे 100 रुपये देगा. बच्चा मान गया और साथ चलने लगा. कुछ दूर जाने पर बच्चे के पिता ने पीछे से रोका और पूछताछ करने लगे. इतने में ही स्थानीय लोगों ने पिटाई कर दी।
इधर बच्चे के पिता बिपुल कुमार यादव ने कहा कि वह युवक को नाम से नहीं जानता पर युवक अक्सर उसके घर के सामने से ही गुजरता है. वह जब घर वापस आया तो पत्नी ने बताया कि बच्चा नहीं मिल रहा है. आस-पास के लोगों ने बताया कि बच्चा को एक युवक अपने साथ ले गया. थोड़ी दूर पर युवक को रोककर बात ही कर रहा था तभी स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी के आरोप में पीटना शुरु कर दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Advertisements

Advertisements

Advertisements

