लोकतंत्र सवेरा | जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव की सरगर्मी जैसे-जैसे तेज हो रही है, वैसे-वैसे प्रत्याशियों ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। हर वार्ड में चुनावी शोर सुनाई देने लगा है। इसी कड़ी में वार्ड संख्या 11 से उम्मीदवार एकता कुमारी ने अपना जनसंपर्क अभियान और अधिक आक्रामक व प्रभावी बना दिया है। सुबह से देर शाम तक गली-मोहल्लों में पहुंचकर वह लोगों से सीधा संवाद कर रही हैं और अपने पक्ष में समर्थन जुटा रही हैं।
वार्ड 11 की सड़कों पर इन दिनों एकता कुमारी की सक्रियता साफ दिखाई दे रही है। घर-घर दस्तक, बुजुर्गों से आशीर्वाद, महिलाओं से संवाद और युवाओं के साथ बैठकों के जरिए वह अपने विजन को साझा कर रही हैं। क्षेत्र में मिल रहे समर्थन से उनका उत्साह भी बढ़ा हुआ नजर आ रहा है।
बताया जाता है कि एकता कुमारी MBA की पढ़ाई कर रही हैं और खुद को एक शिक्षित, जागरूक और नई सोच की उम्मीदवार के रूप में प्रस्तुत कर रही हैं। उनका कहना है कि शिक्षा और प्रबंधन की समझ के बल पर वह वार्ड के विकास को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाएंगी।
लोकतंत्र सवेरा से बातचीत में एकता कुमारी ने कहा, “मुझे वार्ड संख्या 11 की जनता सेवा का एक अवसर दें। मैं भरोसा दिलाती हूं कि शिकायत का मौका नहीं दूंगी। महिलाओं की सुरक्षा मेरी पहली प्राथमिकता होगी। इसके लिए वार्ड स्तर पर विशेष निगरानी और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। बच्चों की बेहतर पढ़ाई के लिए शैक्षणिक माहौल मजबूत किया जाएगा और मूलभूत सुविधाओं—सड़क, नाली, पानी, साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं से जनता को पूरी तरह निजात दिलाई जाएगी।”
उन्होंने आगे कहा कि वार्ड 11 को एक आदर्श वार्ड बनाने का उनका संकल्प है, जहां पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी के साथ विकास कार्य किए जाएंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवा और शिक्षित उम्मीदवार होने के कारण एकता कुमारी को लेकर वार्ड में नई उम्मीद जगी है। खासकर महिलाओं और युवाओं के बीच उनकी पकड़ मजबूत बताई जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि वार्ड 11 की जनता इस बार अनुभव को तरजीह देती है या युवा जोश और नई सोच को मौका देती है। फिलहाल एकता कुमारी का जनसंपर्क अभियान चुनावी मैदान में हलचल जरूर पैदा कर रहा है।
