जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड संख्या–5 में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में वार्ड संख्या–5 से वार्ड पार्षद पद के प्रबल उम्मीदवार राहुल कुमार कश्यप ने पूरे दल-बल और समर्थकों के साथ पूजा-पाठ कर विधिवत नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान उमड़े समर्थकों की भीड़ और उत्साह को देखकर यह स्पष्ट नजर आया कि क्षेत्र में उनकी दावेदारी को मजबूत समर्थन मिल रहा है।
नामांकन के बाद राहुल कुमार कश्यप ने कहा कि “अगर मैं चुनाव जीतता हूं तो वार्ड का हर युवा खुद को पार्षद ही समझेगा। निर्णय और विकास में युवाओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।” उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड को एक आदर्श और सुरक्षित क्षेत्र के रूप में विकसित करना है।
राहुल कुमार कश्यप ने दावा किया कि वे वर्षों से वार्ड की समस्याओं से जुड़े रहे हैं और जमीनी हकीकत से पूरी तरह परिचित हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से वार्डवासी लंबे समय से जूझ रहे हैं, जिसका स्थायी समाधान उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने 24×7 हेल्पलाइन सेवा शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि वार्ड का कोई भी नागरिक किसी भी समय सीधे उनसे संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकेगा। इसके साथ ही उन्होंने अपने कार्यालय में जनसुविधा केंद्र खोलने का भी ऐलान किया, ताकि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे और लोगों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
महिला सुरक्षा को लेकर राहुल कुमार कश्यप ने विशेष जोर देते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा उनके एजेंडे में सबसे ऊपर रहेगी। उन्होंने कहा कि वार्ड में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने और जरूरत पड़ने पर प्रशासन से समन्वय कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान की भी बात कही। राहुल कुमार कश्यप ने कहा कि वे राजनीति को सत्ता नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम मानते हैं और पारदर्शी व जवाबदेह कार्यप्रणाली के साथ जनता की आवाज़ बनकर नगर निगम में वार्ड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
नामांकन के दौरान समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। समर्थकों का कहना है कि राहुल कुमार कश्यप एक जमीनी और मिलनसार नेता हैं, जो हमेशा जनता के बीच रहते हैं और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं। यही वजह है कि वार्ड संख्या–5 में उनकी उम्मीदवारी को मजबूत माना जा रहा है।
नगर निकाय चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे वार्ड संख्या–5 का चुनावी मुकाबला बेहद रोचक होने के संकेत दे रहा है, और राहुल कुमार कश्यप के नामांकन के बाद सियासी समीकरण और तेज़ी से बदलते नजर आ रहे हैं।
