जमशेदपुर : मानगो नगर निगम मेयर चुनाव में राजनीतिक सरगर्मी तेज़ हो गई है। NDA समर्थित मेयर उम्मीदवार संध्या सिंह को चुनाव आयोग द्वारा ‘कैमरा’ चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाने के बाद समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। चुनाव चिन्ह मिलते ही NDA कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इसे जीत की दिशा में बड़ा संकेत बताया है।
कैमरा चुनाव चिन्ह मिलने के बाद मानगो क्षेत्र में NDA खेमे में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कार्यकर्ताओं ने इसे पारदर्शिता, विकास और जनता की आवाज़ को सामने लाने का प्रतीक बताया। संध्या सिंह के समर्थकों का कहना है कि कैमरा चिन्ह के साथ वे जनता की हर समस्या को रिकॉर्ड कर समाधान तक पहुंचाने का काम करेंगी।
मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह ने चुनाव चिन्ह मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा—
“कैमरा सिर्फ एक चुनाव चिन्ह नहीं, बल्कि जनता की सच्चाई और मानगो के विकास की तस्वीर है। मैं मानगो की हर गली, हर समस्या और हर आवाज़ को कैमरे की तरह साफ़ और ईमानदारी से सामने लाऊंगी। NDA के नेतृत्व में मानगो को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित नगर निगम बनाना मेरी प्राथमिकता होगी।”नउन्होंने आगे कहा कि उनका चुनाव जनसेवा, पारदर्शिता और विकास के एजेंडे पर आधारित है और वे जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरी उतरने का प्रयास करेंगी।
क्या कहते है राजनीतिक जानकार…..
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, कैमरा चुनाव चिन्ह मिलना संध्या सिंह के लिए पहचान और प्रचार दोनों के लिहाज़ से फायदेमंद साबित हो सकता है। NDA समर्थक इसे मानगो नगर निगम चुनाव में मुकाबले को और रोचक बनाने वाला कदम मान रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में कैमरा चुनाव चिन्ह के साथ संध्या सिंह जनता के बीच कितना असर छोड़ पाती हैं और मानगो की सियासत किस करवट बैठती है।
