जमशेदपुर : कीनन स्टेडियम में सोमवार से मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज़ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में हुडको एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए िडमना एकादश को आठ विकेट से शिकस्त दी।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए िडमना एकादश ने निर्धारित 15 ओवर में 8 विकेट पर 108 रन बनाए। टीम की ओर से अमजद ने 21 गेंदों पर ताबड़तोड़ 32 रन, जबकि शेखर ने 29 गेंदों पर 22 रन की उपयोगी पारी खेली। हुडको की गेंदबाज़ी में जीतेंद्र और रंधीर ने एक-एक विकेट झटका।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हुडको एकादश ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी का नज़ारा पेश करते हुए मात्र 13.2 ओवर में 2 विकेट खोकर 113 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। राघवेंद्र ने 38 गेंदों पर शानदार 42 रन की नाबाद पारी खेली, वहीं जीतेंद्र ने 22 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया। िडमना की ओर से राज प्रसाद और सुरेंद्र को एक-एक विकेट मिला। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राघवेंद्र को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
भव्य उद्घाटन समारोह, गणमान्य अतिथियों की रही मौजूदगी…….
मैच से पहले मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि टाटा स्टील के वीपी (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदर रामम थे। वहीं विधायक सरयू राय, शेखर डे और टीएसयूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
उद्घाटन संबोधन में डी.बी. सुंदर रामम ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल भावना से ही खेल आगे बढ़ता है और समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है। विधायक सरयू राय ने पत्रकारों द्वारा किए गए इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि मीडिया कप न सिर्फ खेल को बढ़ावा देता है, बल्कि आपसी मेल-जोल और सौहार्द को भी मजबूत करता है।
शेखर डे ने कहा कि खेलकूद से आत्मविश्वास बढ़ता है और भाईचारे की भावना विकसित होती है, जबकि अतुल भटनागर ने भी इस आयोजन को सराहनीय पहल बताया।
अतिथियों का सम्मान, खेल भावना का संदेश……
समारोह में प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, महासचिव विनय पूर्ति और कोषाध्यक्ष अजय महतो ने अतिथियों को पौधा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर टाटा स्टील खेल विभाग के हेड मनीष सिन्हा, कृपाल सिंह, संजय कुमार मिश्रा, सतीश सिंह, दैनिक भास्कर के संपादक कुमार भवानंद, प्रभात खबर के संपादक संजय मिश्रा, चमकता आईना के संपादक जयप्रकाश राय, आनंद कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन न्यू इस्पात मेल के संपादक बृजभूषण सिंह ने किया। अंत में अतिथियों ने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मुकाबले की औपचारिक शुरुआत की घोषणा की।



























































