लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर/चाणक्य शाह : मानगो नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। इसी कड़ी में सामाजिक सरोकारों से जुड़ीं, जुझारू और जमीनी नेता कुमकुम श्रीवास्तव ने मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी का औपचारिक ऐलान कर दिया है। उनके चुनाव मैदान में उतरते ही मानगो की सियासी फिजा में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है।

मेयर पद के लिए ताल ठोकते हुए कुमकुम श्रीवास्तव ने भावुक लेकिन दृढ़ स्वर में कहा कि “मानगो सिर्फ एक क्षेत्र नहीं, बल्कि यहां बसने वाले लाखों लोगों की उम्मीदों का नाम है। मेरी राजनीति सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सेवा के लिए है।” उन्होंने साफ कहा कि यदि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, तो महिलाओं की सुरक्षा, बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आम नागरिकों की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस……
कुमकुम श्रीवास्तव ने कहा कि मानगो की महिलाएं आज भी असुरक्षा और उपेक्षा का दंश झेल रही हैं। “बिना सुरक्षित माहौल के विकास की कल्पना अधूरी है,” उन्होंने कहा। उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट, महिला सहायता केंद्र, और त्वरित शिकायत निवारण प्रणाली लागू करने का वादा किया। उनका कहना था कि मानगो की हर बेटी और हर महिला खुद को सुरक्षित और सशक्त महसूस करे, यही उनका संकल्प है।
बच्चों की शिक्षा को बताया भविष्य की नींव…….
बच्चों की शिक्षा को लेकर कुमकुम श्रीवास्तव बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि “अगर बच्चों को आज बेहतर शिक्षा नहीं मिली, तो कल का मानगो पीछे रह जाएगा।” उन्होंने सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं और गरीब बच्चों के लिए विशेष शैक्षणिक सहायता की योजनाओं को अपनी प्राथमिकता में शामिल बताया।
मानगो की ज्वलंत समस्याओं पर सीधा वार…….
कुमकुम श्रीवास्तव ने मानगो की बदहाल सड़कों, जलजमाव, गंदगी, पेयजल संकट, नालियों की दुर्दशा और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर भी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि “हर चुनाव में वादे होते हैं, लेकिन अब मानगो को भाषण नहीं, समाधान चाहिए।”
उन्होंने भरोसा दिलाया कि मेयर बनने पर साफ-सफाई, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, नियमित जलापूर्ति, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं और पारदर्शी नगर प्रशासन उनकी प्राथमिक कार्यसूची में होगा।
जनता से भावुक अपील…….
अपने संबोधन के अंत में कुमकुम श्रीवास्तव ने जनता से भावुक अपील करते हुए कहा— “यह चुनाव किसी व्यक्ति का नहीं, मानगो के भविष्य का चुनाव है। यदि आप चाहते हैं कि आपकी आवाज नगर निगम में गूंजे, तो मुझे सेवा का अवसर दीजिए। मैं आपके भरोसे को कभी टूटने नहीं दूंगी।”
कुमकुम श्रीवास्तव की उम्मीदवारी ने मानगो की राजनीति में नया जोश भर दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जनता उनके विजन और संकल्प पर कितना भरोसा जताती है। नगर निकाय चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, मानगो में मुकाबला और भी रोचक होता नजर आ रहा है।
