जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में युवक सरबजीत सिंह पर चापड़ से हुए हमले के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद जुनैव रजा उर्फ़ जुनैद (21), ओवैश अंसारी उर्फ़ उबैश (22) और सोहैल खान उर्फ़ सोहैल (21) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी गोलमुरी थाना क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चापड़, चाकू, मोबाइल फोन, गांजा पीने का चिलम, तास की पत्तियां, ताला कटर समेत अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
थाना प्रभारी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 9 जनवरी को गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टुइलाडुंगरी लाइन नंबर–27 के पास सरबजीत सिंह पर 10 से 15 युवकों ने चापड़ और बेस बैंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद पीड़ित सरबजीत सिंह की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन कर सघन छापेमारी अभियान चलाया, जिसके तहत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
