जमशेदपुर : एनकेएस द्वारा आयोजित अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में इस वर्ष सबसे ज्यादा चर्चा जिस युवा खिलाड़ी ने बटोरी, वह हैं चांडिल अनुमंडल के रसुनिया गांव के होनहार क्रिकेटर शुभोजित महतो। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग—तीनों क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का मजबूत परिचय दिया।
फाइनल में चमका शुभोजित महतो…..
फाइनल मुकाबला फ्यूचर स्टार क्रिकेट अकादमी चक्रधरपुर और सत्यदेव क्रिकेट अकादमी गम्हरिया के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए फ्यूचर स्टार क्रिकेट अकादमी ने 6 विकेट पर 132 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सत्यदेव क्रिकेट अकादमी ने 16 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर मैच अपने नाम कर लिया।
इस जीत में शुभोजित महतो की 31 रनों की जिम्मेदार पारी अहम रही। शुरुआती दबाव के बावजूद उन्होंने क्रीज पर टिककर टीम को संभाला और महत्वपूर्ण साझेदारी की। गेंदबाजी में भी उन्होंने एक महत्वपूर्ण विकेट हासिल कर विपक्ष की रन गति पर रोक लगाई।
पूरा टूर्नामेंट रहा शानदार……
पूरे टूर्नामेंट में शुभोजित ने लगातार टीम के लिए उपयोगी रन बनाए और गेंदबाजी में भी समय-समय पर अहम ब्रेकथ्रू दिलाए। उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर सेलेक्टर्स और कोचों ने उन्हें “हर फॉर्मेट में उपयोगी खिलाड़ी” बताया।
फाइनल में शानदार बैटिंग के लिए शुभोजित को “फाइनल के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज” का सम्मान दिया गया। इसके साथ ही उन्हें टूर्नामेंट के उभरते खिलाड़ी के रूप में भी सराहना मिली।
गांव और परिवार का नाम रोशन……
रसुनिया गांव के निवासी शुभोजित ने अपने प्रदर्शन से एक बार फिर अपने माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छोटी उम्र में उनका अनुशासन, मेहनत और खेल की समझ देखकर माना जा रहा है कि आने वाले वर्षों में वे झारखंड और देश के लिए बड़ा नाम बन सकते हैं।
सत्यदेव क्रिकेट अकादमी के कोच ने कहा—
“शुभोजित केवल प्रतिभाशाली ही नहीं, बल्कि अनुशासित और सीखने को तैयार खिलाड़ी है। ऐसे खिलाड़ी भविष्य में बड़े मंच पर चमकते हैं।”
एनकेएस आयोजन समिति की प्रतिक्रिया…….
एनकेएस समिति ने शुभोजित के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करना है, जिनमें देश का प्रतिनिधित्व करने का जज़्बा और क्षमता हो। शुभोजित उन्हीं में से एक हैं।
