लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद को लेकर सियासी तापमान लगातार चढ़ता जा रहा है। चुनावी रण में अब ‘बाहरी बनाम भीतरी’ का मुद्दा खुलकर सामने आ गया है। मेयर प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव ने अपने विरोधियों पर तीखा हमला बोलते हुए जनता से सतर्क रहने की अपील की है. कुमकुम श्रीवास्तव ने साफ शब्दों में कहा, “मानगो की जनता प्रवासी पक्षियों से सावधान रहे। मैं वर्षों से आपके सुख-दुख की साथी रही हूं। मानगो का मेयर वही बनेगा, जो यहां की समस्याओं को जड़ से जानता हो।”

उन्होंने विपक्षी उम्मीदवार सुधा गुप्ता और संध्या सिंह पर निशाना साधते हुए तंज कसा कि वे मानगो की 20 बस्तियों के नाम भी शायद ठीक से नहीं बता पाएंगी।
कुमकुम ने कहा, “कुछ लोग पैराशूट से चुनावी मैदान में कूदे हैं। धनबल के दम पर राजनीति करने वालों से सावधान रहना होगा। मानगो की सम्मानित जनता उसी को चुने, जिसका व्यक्तित्व इस मिट्टी से जुड़ा हो।”

तूफानी जनसंपर्क, पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब……
चुनावी अभियान के तहत कुमकुम श्रीवास्तव ने कुमरूम बस्ती, डिमना पारडीह रोड, मानगो बाल्टी कारखाना, उलीडीह बस्ती सहित कई इलाकों में जोरदार पदयात्रा की। जगह-जगह लोगों ने उनका स्वागत किया और छड़ी छाप, क्रम संख्या-2 पर मोहर लगाने का भरोसा जताया।
जनता से मिल रहे समर्थन से उत्साहित कुमकुम श्रीवास्तव ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य “विकसित मानगो” बनाना है। उन्होंने दोहराया कि वे क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं—सड़क, नाली, पानी और सफाई—को प्राथमिकता देंगी।

मानगो में अब चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। बाहरी बनाम स्थानीय की इस जंग में जनता किस पर भरोसा जताती है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।

