जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता मुख्य मार्ग पर सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हाइवा को जब्त कर लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
पीछे से टक्कर, मौके पर गई जान……
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुंदरनगर थाना से लगभग 500 मीटर की दूरी पर तेज रफ्तार बाइक सड़क पर खड़े हाइवा वाहन से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को अस्पताल भेजा गया……
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतक युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जांच में जुटी पुलिस……..
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े हाइवा को हादसे का कारण माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस फरार हाइवा चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
