जादूगोड़ा : जादूगोड़ा क्षेत्र के प्रसिद्ध रंकनी मंदिर से कुछ ही दूरी पर स्थित कापरगादी घाट से पानी की अवैध चोरी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक टैंकर चालक द्वारा घाट पर अस्थायी बांध बनाकर लगातार पानी भरा जा रहा है, जिससे प्राकृतिक जलधारा बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इस घटना के सामने आते ही मंदिर समिति समेत स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
रंकनी मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश सिंह ने इस कृत्य को पूरी तरह गैरकानूनी और अनैतिक बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि पिकनिक सीजन को देखते हुए इस समय मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हो रही है, जिससे जल की आवश्यकता भी बढ़ गई है। ऐसे समय में निजी लाभ के लिए जलस्रोतों से पानी की चोरी करना आम जनता के अधिकारों का खुला उल्लंघन है।
दिनेश सिंह ने बताया कि कापरगादी घाट का जल पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। अवैध रूप से बांध बनाकर टैंकरों से पानी उठाने से जलस्रोत के सूखने का खतरा बढ़ गया है, जिसका सीधा असर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों पर भी पड़ेगा। उन्होंने जल्द ही इस मामले को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपने की बात कही।
वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस अवैध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो आने वाले दिनों में क्षेत्र में भीषण जल संकट उत्पन्न हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि अवैध रूप से पानी चोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और प्राकृतिक जलस्रोतों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
