मुरी : जिला स्कूल से अल्बर्ट एक्का चौक तक पदयात्रा। झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं, छात्रों एवं अभिभावकों ने आज बुधवार को जिला स्कूल से अल्बर्ट एक्का चौक तक भव्य मशाल जुलूस एवं पदयात्रा निकाली।

पदयात्रा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने “JPSC अध्यक्ष मुर्दाबाद”, “झारखंड सरकार होश में आओ” तथा “छात्रों के साथ अन्याय बंद करो” जैसे नारों के साथ विरोध-प्रदर्शन किया। अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचने के बाद JPSC अध्यक्ष का पुतला दहन कर परीक्षा प्रक्रिया के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया गया।
इस अवसर पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि JPSC में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं ने सारी सीमाएं पार कर दी हैं। उनका आरोप है कि प्रारंभिक परीक्षा में व्यापक स्तर पर गड़बड़ियां हुई हैं, जिनके बावजूद आयोग अभ्यर्थियों की आपत्तियों की अनदेखी करते हुए मात्र 16 दिनों के भीतर मुख्य परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रारंभिक परीक्षा की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक मुख्य परीक्षा आयोजित करना लाखों अभ्यर्थियों के साथ अन्याय होगा।
बताते चलें कि अनियमितताओं से संबंधित कई ठोस साक्ष्य एवं तथ्य मंगलवार को महामहिम राज्यपाल को सौंपा गया है। तथा निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। कार्यक्रम में संगठन के जिला अध्यक्ष गुणा भगत, पार्वती कुमारी, खलील खान, अयूब अली, रेहान अंसारी, अनुज सिंह, मनीष साहू, गजेंद्र महतो, श्रवन कुमार, रामप्रसाद महतो सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, छात्र एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : रिंकी कुमारी

