गोड्डा / राजाभीठा : गोड्डा जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अपनी “Zero Tolerance Policy” के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) गोड्डा, आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजाभीठा थाना क्षेत्र में छापामारी कर भारी मात्रा में गांजा और नशीला सॉल्यूशन बरामद किया गया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 अगस्त 2026 को राजाभीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजाभीठा में संदीप मंडल (पिता- स्व० दूर्योधन मंडल) के घर पर छापामारी की गई। छापामारी के दौरान पुलिस ने मौके से लगभग 1.4 किलोग्राम गांजा और 76 पीस सॉल्यूशन/एडहेसिव बरामद किया।
विशेष रूप से, बरामद किया गया सॉल्यूशन आजकल छोटे बच्चों और किशोरों द्वारा इनहेलेंट (सूंघने) के रूप में नशे के लिए उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा, अवैध कारोबार में इस्तेमाल होने वाली एक छोटी इलेक्ट्रॉनिक वजन तौल मशीन भी जब्त की गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में राजाभीठा थाना में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त संदीप मंडल को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लेकर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण :
- नाम: संदीप मंडल, पिता- स्व० दूर्योधन मंडल
- निवासी व थाना: राजाभीठा, जिला- गोड्डा
जब्त की गई सामग्रियां:
- लगभग 1.4 किलोग्राम गांजा
- 76 पीस नशीला सॉल्यूशन
- 01 पीस छोटी इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: गोड्डा पुलिस
गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले तस्करों और गिरोहों के खिलाफ सख्त कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है। इस अवैध धंधे में संलिप्त अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है, जिनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आम नागरिकों से अपील
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी नागरिक को अपने आस-पास मादक पदार्थों के अवैध कारोबार या बिक्री से जुड़ी कोई भी सूचना मिलती है, तो वे तुरंत अपने निकटतम थाने या गोड्डा पुलिस को इसकी जानकारी दें। सूचना देने वाले का नाम और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।
छापामारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल :
- आकाश भारद्वाज (SDPO, गोड्डा)
- केदारनाथ सिंह (अंचल अधिकारी, बोआरीजोर)
- पु०नि० दिनेश महली (पुलिस निरीक्षक, सदर प्रभाग, गोड्डा)
- पु०अ०नि० मनोहर कुमार (नाफिस प्रभारी, गोड्डा)
- पु०अ०नि० रामदेव वर्मा (थानों प्रभारी, राजाभीठा थाना)
- पु०अ०नि० मनीष कुमार यादव (सड़क सुरक्षा प्रभारी, गोड्डा)
- स०अ०नि० केदार पासवान (राजाभीठा थाना)
- राजाभीठा थाना के सशस्त्र बल



























































