रामगढ़ / झारखंड : रामगढ़ जिले के भुरकुंडा बाजार में बड़ी डकैती की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। शनिवार शाम करीब सवा सात बजे हथियार से लैस पांच बदमाशों ने बाजार स्थित विजय ज्वेलर्स में घुसकर पिस्टल के बल पर करीब 3 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और ढाई लाख कैश लूट लिए। महज 10 मिनट में वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश पूरी तरह बेखौफ थे और खुलेआम हथियार लहराते हुए दुकान में घुसे। कुछ ही मिनटों में उन्होंने जेवरात और कैश समेटा और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों में दहशत का माहौल बन गया। कई दुकानों ने एहतियातन अपने शटर गिरा लिए।

पीड़ित दुकानदार विजय वर्मा ने बताया कि डकैत करीब डेढ़ किलो सोना और करीब एक क्विंटल चांदी के आभूषण लूट लिए। अनुमानित कीमत लगभग तीन करोड़ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
