- रात की छापेमारी में चार चोरी की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद
देवघर : सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद–फरोख्त के एक संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चार चोरी की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई सोनारायठाढ़ी थाना कांड संख्या 09/2025 के तहत की गई।
देवघर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 5 फरवरी की रात करीब 10 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोल्हड़िया ढोढ़वा गांव में चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर रखी गई हैं और उनकी अवैध खरीद–बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और रात करीब 10:30 बजे गांव में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान चार अलग-अलग घरों से कुल चार हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें अलग-अलग रंग और पंजीकरण संख्या की बाइक शामिल हैं, जबकि एक मोटरसाइकिल बिना नंबर की भी पाई गई। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया गया।
मौके से राजेश कुमार मंडल, गोविंद मंडल, सुम्बय महित्य उर्फ शिबू रजवार और रामधन मंडल उर्फ रावण मंडल को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने बरामद सभी सामानों को विधिवत जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस छापेमारी दल में थाना प्रभारी पु०अ०नि० रोहित कुमार दांगी, स०अ०नि० तबरेज अंसारी, जैप-05 के हवलदार सुशील कुमार सिंह एवं शैलेंद्र कुमार सिंह, आरक्षी नरेश कुमार यादव, हवलदार विकास चंद्र मांझी, चौकीदार सिंदु कुमार चौधरी तथा सिंटु मुर्मू शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
