रांची : रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता पांच वर्षीय अंश कुमार और उसकी चार साल की बहन अंशिका कुमारी की तलाश अब भी जारी है। दोनों मासूमों के गायब हुए 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। बच्चों की सलामती को लेकर परिवार और पूरे शहर की धड़कनें तेज हैं।



बच्चों की तलाश में जुटी रांची पुलिस की एसआईटी की टीमें अब सात राज्यों में छापेमारी कर रही हैं। हर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और संदिग्ध ठिकानों पर बच्चों की तस्वीरें चस्पा की गई हैं। बावजूद इसके, दोनों मासूमों का कोई पता नहीं चल पाया है।
इसी बीच पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ाकर चार लाख रुपये कर दी है। पहले घोषित 51 हजार रुपये के इनाम को बढ़ाकर अब बड़ा ऐलान किया गया है। पुलिस के मुताबिक, अंश के बारे में जानकारी देने वाले को दो लाख रुपये और अंशिका के बारे में सूचना देने वाले को भी दो लाख रुपये इनाम दिया जाएगा।
रांची एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और बच्चों की सुरक्षित बरामदगी पर इनाम की राशि उन्हें सौंपी जाएगी।
इधर, बच्चों के माता-पिता हर गुजरते दिन के साथ टूटते जा रहे हैं। घर में हर कोना उन मासूम आवाज़ों को ढूंढ रहा है जो अचानक खामोश हो गईं। पूरा रांची आज यही दुआ कर रहा है कि अंश और अंशिका जल्द सुरक्षित लौट आएं।



