जमशेदपुर : आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार, 28 सितंबर 2026 को मानगो थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्य, पूजा समितियों के प्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए।

बैठक के दौरान दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, विसर्जन जुलूस तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही गई. शांति समिति के सदस्यों ने भी दुर्गा पूजा के दौरान बेहतर समन्वय के लिए प्रशासन को आवश्यक सुझाव दिए। पुलिस प्रशासन की ओर से क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का भरोसा दिलाया गया।
सुरक्षा व्यवस्था का संदेश लेकर निकला फ्लैग मार्च……
शांति समिति की बैठक के बाद मानगो थाना क्षेत्र में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को शांतिपूर्ण माहौल में पूजा पर्व मनाने का संदेश दिया गया। पुलिस जवानों ने प्रमुख सड़कों एवं संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति भंग करने, अफवाह फैलाने, हुड़दंग करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। वहीं आम लोगों से भी पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा पर्व को आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई. मानगो थाना पुलिस ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
