गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बनियाडीह में शुक्रवार रात कोयला लोडिंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा में बदल गया। इस घटना में आजसू पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष व ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष कंपू यादव सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मुफ्फसिल पुलिस ने तत्क्षण सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।



कंपू यादव ने बताया कि सीसीएल द्वारा एक ट्रक में कोयला लोड किया गया था, लेकिन लोडिंग के बाद वजन सही नहीं निकला। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान कुछ लोगों ने कंपू यादव पर जानलेवा हमला बोल दिया। जब उनके साथी बीच-बचाव के लिए आगे बढ़े तो उन पर भी लाठी-डंडों और मुक्कों से हमला किया गया। इस मारपीट में कंपू यादव, युवराज सिंह और महेश कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के बाद कंपू यादव ने मुफ्फसिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं और आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोयला लोडिंग के दौरान वजन को लेकर विवाद आम हैं, लेकिन इस बार यह विवाद हिंसा में बदल गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
