रांची : झारखंड में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों को राहत दी है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने प्रदेश के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के समय में बदलाव का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। यह आदेश कल, 21 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा।

















नया समय निर्धारण :
सरकार द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, कक्षाओं का संचालन अब निम्नानुसार किया जाएगा:
- कक्षा KG से कक्षा 8 तक: सुबह 07:00 बजे से 11:30 बजे तक।
- कक्षा 9 से कक्षा 12 तक: सुबह 07:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
शिक्षकों के लिए निर्देश:
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कक्षाएं समाप्त होने के बाद भी सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को स्कूल में मौजूद रहना होगा। उन्हें सुबह 07:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक रुककर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना अनिवार्य होगा।
सभी स्कूलों पर लागू होगा नियम :
सरकार के संयुक्त सचिव द्वारा हस्ताक्षरित इस पत्र में साफ कहा गया है कि यह नियम राज्य के सभी कोटि के स्कूलों (सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक सहित और निजी विद्यालय) पर अगले आदेश तक लागू रहेगा। विभाग ने यह कदम बच्चों को लू और दोपहर की तपती धूप से बचाने के उद्देश्य से उठाया है। अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को सलाह दी गई है कि वे नए समय के अनुसार बच्चों के आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करें।