जामताड़ा : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी द्वारा पत्रकारों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासी प्रतिक्रिया तेज हो गई है। इसी कड़ी में गुरुवार को कुंडहित में भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मंत्री के बयान की कड़ी आलोचना की।



माधव चंद्र महतो ने कहा कि इरफान अंसारी लगातार मीडिया के जरिए सुर्खियों में बने रहते हैं, लेकिन एक संवैधानिक पद पर रहते हुए इस तरह की टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को संविधान की मर्यादा का पालन करना चाहिए, वही अगर पत्रकारों के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करे, तो यह पूरे लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने आगे कहा कि पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है, जो विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बाद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में पत्रकारों को “दुकानदारी चलाने” जैसी टिप्पणी करना मंत्री की मानसिकता को दर्शाता है। यह बयान न केवल अहंकारपूर्ण है, बल्कि मीडिया की स्वतंत्रता पर भी सवाल खड़ा करता है।
भाजपा नेता ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग करते हुए कहा कि ऐसे घमंडी और गैर-जिम्मेदाराना बयान देने वाले मंत्री को तत्काल पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक इस तरह की बयानबाजी पर रोक लगाना मुश्किल है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा मीडिया के सम्मान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के पक्ष में खड़ी है तथा इस मुद्दे को लेकर आगे भी आवाज उठाती रहेगी।
रिपोर्ट: अमित कुमार नाग
