पलामू : जिले में रविवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक माओवादी मारा गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. झारखंड के पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) एवं प्रवक्ता माइकल राज एस ने बताया कि मनातू और तरहसी पुलिस थानाक्षेत्रों की सीमा पर स्थित वन क्षेत्र में आज सुबह मुठभेड़ शुरू हुई और अभियान के बाद वहां से एक नक्सली का शव और एक राइफल बरामद की गई.

मृतक की पहचान माओवादी गुट ‘तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी’ (टीएसपीसी) के स्वयंभू कमांडर मुखदेव यादव के रूप में की गयी है. उन्होंने बताया कि यादव पर पांच लाख रुपये का इनाम था. पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मुखदेव यादव चार सितंबर को पलामू में हुई दो सुरक्षाकर्मियों की हत्या में भी शामिल था.
शहीद जवानों की शहादत के बाद बड़ी कार्रवाई : याद रहे कि इसी संगठन के साथ 3 सितंबर की रात हुई मुठभेड़ में पलामू पुलिस के दो जवान शहीद हुए थे. उसी घटना के बाद से नक्सलियों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान का मुख्य लक्ष्य 10 लाख का इनामी टीएसपीसी सुप्रीमो शशिकांत गंझू है.
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि सर्च अभियान के क्रम में मुठभेड़ हुई है, जिसमें 5 लाख का इनामी कमांडर मुखदेव यादव मारा गया है. मौके से इंसास बरामद हुआ है. इलाके में सर्च अभियान जारी है. मौके से बड़ी संख्या में गोली एवं खोखा भी बरामद हुआ है.
