रांची । झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय है और राज्य में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 और 24 सितंबर को कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। 23 सितंबर को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद समेत दक्षिणी व मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात की भी आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 सितंबर को भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि 27 सितंबर तक मौसम में बदलाव बना रहने की संभावना है। लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम की ताजा स्थिति : आज राज्य के कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना है और कुछ जिलों के लिए तेज आंधी-तूफान की चेतावनी भी जारी है।
