रांची। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार को अंतिम संस्कार के लिए रांची के धुर्वा स्थित सीठियो श्मशान घाट ले जाया गया। स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास से तृषा की अंतिम यात्रा निकली। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी अंतिम विदाई देने पहुंचे। मंत्री आवास पर तृषा का पार्थिव शरीर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। बेटी का शव देखते ही मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भावुक होकर बेसुध हो गईं। वहां मौजूद महिलाओं ने उन्हें संभाला। परिजनों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से तृषा के अंतिम दर्शन किए।

जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दोमुहानी मरीन ड्राइव में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर तृषा का पार्थिव शरीर रांची लाया गया था। इसके बाद शव को स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। महगामा और जमशेदपुर से भी परिवार के सदस्य रांची पहुंचे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
तृषा सिंह के निधन की सूचना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। अंतिम यात्रा में मंत्री आनंद अंसारी, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, विधायक अनूप सिंह और विधायक सुरेश बैठा समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने भी तृषा सिंह को अंतिम विदाई दी। वहीं कैबिनेट सचिव वंदना दादेल और कृषि सचिव अबू बकर सिद्दीकी ने मंत्री आवास पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और श्रद्धांजलि अर्पित की।
जमशेदपुर में सड़क हादसे में हुई थी चार युवाओं की मौत
तृषा सिंह समेत चार युवाओं की गुरुवार तड़के जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दोमुहानी मरीन ड्राइव में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए थे। राहत एवं बचाव दल ने गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त कार को काटकर चारों शवों को बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद तृषा का पार्थिव शरीर रांची लाया गया, जहां मंत्री आवास पर अंतिम दर्शन के बाद अब अंतिम संस्कार के लिए सीठियो श्मशान घाट ले जाया गया।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
सड़क हादसे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस आवश्यक जानकारी जुटा रही है। तृषा सिंह के निधन से परिवार, परिचितों और शुभचिंतकों के बीच शोक की लहर है।
