नई दिल्ली : भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुंभाशु शुक्ला का Axiom-4 मिशन एक बार फिर टल गया है. ‘स्टैटिक फायर’ परीक्षण के बाद बूस्टर की जांच के दौरान लिक्विड ऑक्सीजन (LOx) रिसाव का पता चलने के बाद मिशन पर ब्रेक लगाने का निर्णय लिया गया. इस मिशन के तहत भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को ISS भेजा जाना था. स्पेसएक्स ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) के लिए निर्धारित Axiom-4 मिशन का लॉन्च स्थगित किए जाने की पुष्टि की है. शुभांशु को लेकर Axiom-4 मिशन बुधवार शाम 5.30 बजे लॉन्च होने वाला था. Axiom-4 मिशन में भारत, पोलैंड और हंगरी के अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं.
स्पेसएक्स ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, Ax-4 मिशन के लिए फाल्कन 9 रॉकेट का कल होने वाला लॉन्च स्थगित किया जा रहा है ताकि स्पेसएक्स की टीमें LOx रिसाव को ठीक कर सकें. कंपनी ने आगे कहा कि मरम्मत पूरी होने और रेंज की उपलब्धता के आधार पर नई लॉन्च तारीख शेयर की जाएगी. इससे पहले स्पेसएक्स ने एक बयान में कहा था, ”लॉन्च के लिए मौसम की अनुकूलता 85 प्रतिशत है. हालांकि एसेंट कॉरिडोर (चढ़ाई मार्ग) में तेज हवाओं की निगरानी जारी है.”
