सरायकेला-खरसावां : झारखंड लोकतांत्रिक क्रान्तिकारी मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो के लगभग सात माह बाद जेल से रिहा होकर लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश रंजन महतो ने कांड्रा गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा पर उन्हें फूल-माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। स्वागत समारोह के दौरान राकेश रंजन महतो ने कहा कि तरुण महतो ने क्षेत्र में अवैध बालू एवं पत्थर खनन के खिलाफ लगातार संघर्ष किया है। जनहित एवं प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई सराहनीय है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन के कारण पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है तथा स्थानीय लोगों के अधिकारों का भी हनन हो रहा है।



उन्होंने आगे कहा कि अवैध बालू और पत्थर खनन के विरुद्ध चल रहा जन आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और इस मुद्दे पर जनहित की आवाज को बुलंद किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तरुण महतो की रिहाई से इस जनसंघर्ष को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने तरुण महतो का गर्मजोशी से स्वागत किया तथा क्षेत्र के विभिन्न जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया



