बांदा : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पारिवारिक नाराजगी के बाद 17 वर्षीय किशोरी के घर छोड़कर चले जाने और हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ने का मामला सामने आया है। किशोरी को टावर पर चढ़ा देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। बाद में पुलिस ने किशोरी की काउंसलिंग कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामला मटौंध थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, किशोरी घर में किसी लड़के से फोन पर बातचीत कर रही थी। इस बात को लेकर परिजनों ने उसे डांटा और फोन पर बात करने से मना किया। इससे नाराज होकर किशोरी घर से निकल गई। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
तलाश के दौरान हाईटेंशन टावर पर चढ़ने की मिली सूचना
किशोरी के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। इसके लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि केन नदी के किनारे एक किशोरी हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पता चला कि टावर पर चढ़ी किशोरी वही है, जिसकी तलाश की जा रही थी। किशोरी को टावर पर देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास किया। लगातार समझाने-बुझाने के बाद किशोरी नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा
घटना के बाद पुलिस किशोरी को थाने ले गई, जहां उसकी काउंसलिंग की गई। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बांदा के डिप्टी एसपी सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि मटौंध थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर दो टीमें गठित की थीं। बाद में सूचना मिली कि किशोरी केन नदी के किनारे स्थित हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे समझाया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। फिलहाल किशोरी सुरक्षित है और उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।




