जहानाबाद : बिहार के जहानाबाद में पुलिस ने कथित अनैतिक गतिविधियों की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के छह रेस्ट हाउस में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान कमरों से दो दर्जन से अधिक युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए नगर थाने लाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से रेस्ट हाउस संचालकों और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, शहर के कुछ होटलों और रेस्ट हाउस में कथित तौर पर संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत पुलिस को मिली थी। इसी सूचना के आधार पर जहानाबाद के एसपी कोटा किरण कुमार के निर्देश पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इसके लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं।
पुलिस टीमों ने स्टेशन रोड, फिदा हुसैन मोड़ और अरवल मोड़ सहित शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित छह रेस्ट हाउस में एक साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कमरों की तलाशी ली और वहां मौजूद युवक-युवतियों से पूछताछ के लिए उन्हें थाने लाया गया।
SDPO के नेतृत्व में चला छापेमारी अभियान
पूरे अभियान का नेतृत्व जहानाबाद सदर एसडीपीओ अनिकेत कुमार द्विवेदी ने किया। उनके साथ नगर थानाध्यक्ष आलोक कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर दिवाकर कुमार विश्वकर्मा सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। पुलिस ने सभी संबंधित रेस्ट हाउस में कमरों की जांच की और संचालकों से भी पूछताछ की।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
जहानाबाद सदर एसडीपीओ अनिकेत कुमार द्विवेदी ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि किसी के खिलाफ संदिग्ध या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने के प्रमाण नहीं मिलते हैं, तो उनके परिजनों को बुलाकर पीआर बॉन्ड पर छोड़ा जा सकता है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित रेस्ट हाउस में वास्तव में कोई गैरकानूनी गतिविधि संचालित हो रही थी या नहीं। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




