झारखण्ड/ बिहार : बिहार में शराब तस्करों के खिलाफ उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। झारखंड सीमा पर स्थित भलजोर चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने 12 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को उत्पाद अधीक्षक रवीन्द्र सिंह के निर्देश पर भलजोर चेकपोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक 12 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

ऊपर से देखने पर ट्रक प्लास्टिक के बोरों से लदा हुआ लग रहा था। शक होने पर जब टीम ने बोरों को हटाया तो नीचे 906 पेटियों में रखी 7,956 लीटर विदेशी शराब छिपी हुई मिली।मौके से पुलिस ने ट्रक चालक *सुनील कुमार यादव, निवासी लुधियाना (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में चालक ने बताया कि यह खेप झारखंड से लोड कर बिहार के विभिन्न जिलों में सप्लाई की जानी थी।
उत्पाद विभाग ने ट्रक और शराब को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। वहीं इस तस्करी के पीछे जुड़े बड़े नेटवर्क की तलाश के लिए मोबाइल कॉल डिटेल्स और जीपीएस रूट की जांच की जा रही है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि बिहार-झारखंड सीमा पर निगरानी और सख्त कर दी गई है।
