मुरी/सोनाहातू : सोनाहातू थाना क्षेत्र के बारेन्दा मोड़ के समीप सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब नौ घंटे तक आवागमन बाधित रहा। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के झालदा थाना क्षेत्र अंतर्गत पापड़ाहुड़ा, कुशीनगर निवासी रमेश महतो और सिंधुबाला देवी मोटरसाइकिल संख्या जेएच-01 एन-1161 से अपने एक रिश्तेदार के यहां नजदीकी गांव आए थे। सोमवार सुबह करीब छह से सात बजे के बीच दोनों बारेन्दा चौक से पहले देवासरना के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा संख्या जेएच-10 डीबी-5777 ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में सिंधुबाला देवी हाइवा की चपेट में आने के बाद काफी दूर तक घसीटती चली गईं, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, रमेश महतो का पैर बुरी तरह कुचल गया और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया। इलाज के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की। पुलिस की ओर से तत्काल पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने उपस्थित लोगों से बातचीत करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
रिपोर्ट : रिंकी कुमारी
