इवेको के अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी, प्रति शेयर 14.40 यूरो का किया गया भुगतान; पी.बी. बालाजी और गिरिश वाघ भी निदेशक मंडल में शामिल
नई दिल्ली : टाटा मोटर्स ने वैश्विक वाणिज्यिक वाहन निर्माता इवेको ग्रुप (IVECO Group) के अधिग्रहण की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने इवेको ग्रुप के 89.42 प्रतिशत शेयरों का अधिग्रहण और भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस अधिग्रहण के साथ ही इवेको ग्रुप अब टाटा मोटर्स समूह का हिस्सा बन गया है। शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, टाटा मोटर्स की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टीएमएल सीवी होल्डिंग्स बीवी के पास इवेको के कुल शेयरों का लगभग 89.42 प्रतिशत हिस्सा आ गया है। टेंडर ऑफर के तहत कंपनी ने कुल 23,81,57,212 शेयरों का अधिग्रहण किया है। इसके लिए शेयरधारकों को प्रत्येक शेयर के बदले 14.40 यूरो नकद भुगतान किया गया है।
एन. चंद्रशेखरन बने इवेको के चेयरपर्सन
अधिग्रहण पूरा होने के बाद इवेको ग्रुप के निदेशक मंडल में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन को इवेको के निदेशक मंडल का चेयरपर्सन और वरिष्ठ गैर-कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा टाटा मोटर्स के पी.बी. बालाजी और गिरिश वाघ को भी इवेको के निदेशक मंडल में शामिल किया गया है। इनके साथ गुंटर बुशेक और चार्ल्स निकोल्स भी बोर्ड के सदस्य होंगे। वहीं, ओलाफ पर्सन कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर बने रहेंगे।
शेयरधारकों को मिलेगा एक और मौका
टेंडर ऑफर में अपने शेयर नहीं बेच पाने वाले शेयरधारकों को दोबारा मौका दिया जाएगा। इसके लिए 2 नवंबर से 6 नवंबर तक अतिरिक्त अवधि निर्धारित की गई है, जिसमें वे अपने शेयर बेच सकेंगे। टाटा मोटर्स का यह अधिग्रहण वैश्विक वाणिज्यिक वाहन बाजार में कंपनी की स्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे टाटा मोटर्स और इवेको की वैश्विक व्यावसायिक उपस्थिति को एक साथ लाने का रास्ता भी खुल गया है।



