सरायकेला : जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे महा-अभियान में सरायकेला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने कपाली थाना क्षेत्र में छापेमारी कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 16.50 लाख रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
सरायकेला एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कपाली ओपी अंतर्गत बंधुगोड़ा में एक टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस ने इम्तियाज खान के किराए के मकान में दबिश दी, जहाँ से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त किया गया।
679 पुड़ियों में भरा था जहर
छापेमारी के दौरान पुलिस को 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसे तस्करी के लिए 679 छोटी पुड़ियों में पैक किया गया था। बरामद नशे की खेप की कीमत बाजार में साढ़े 16 लाख रुपये आंकी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस की गिरफ्त में आए तस्करों की पहचान इस प्रकार है:
- महाराज अली (मुख्य तस्कर, आपराधिक इतिहास रहा है)
- अजगर अली
- शबनम परवीन
एसपी की चेतावनी: जारी रहेगा अभियान
प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कपाली ओपी प्रभारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस इस गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज (सप्लाई चेन) की जांच कर रही है ताकि मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।
