जमशेदपुर : बर्मामाइंस स्थित टीआरएफ मैदान में रविवार को उत्कल सार्वजनिन दुर्गा पूजा कमिटी, बर्मामाइंस की वार्षिक आम सभा (एजीएम) का आयोजन अध्यक्ष पी.के. दास की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में सभापति सरोज दास एवं अमीय कुमार मोहंती ने वर्ष 2025 के आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा-2026 को भव्य, व्यवस्थित एवं सफल बनाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पूजा की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा तथा विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर कमिटी के करता दिलीप महापात्र की धर्मपत्नी स्वर्गीय श्रीमती अनीता महापात्र, जिनका अप्रैल माह में निधन हो गया था, तथा कमिटी के सेवक स्वर्गीय जगबंधु बारीक, जिनका मई माह में निधन हुआ था, को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने दोनो दिवंगत आत्माओं की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
बैठक में सदस्यों ने बर्मामाइंस क्षेत्र में क्वार्टरों के ध्वस्त होने तथा आबादी कम होने से उत्पन्न चुनौतियों पर भी चर्चा की। इसके बावजूद सभी सदस्यों ने एकजुट होकर दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए तन, मन और धन से सहयोग देने का संकल्प लिया। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि माँ दुर्गा की कृपा से इस वर्ष भी पूर्व वर्षों की भाँति श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ पूजा का सफल आयोजन किया जाएगा।
