चांडिल : रांची-जमशेदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर एक बार फिर भीषण सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलगु पुनर्वास कॉलोनी से शहरबेड़ा तक सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गई है। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर पिछले कई वर्षों से पुलिया का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। इसके कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। रास्ता वन-वे होने के कारण पहले से ही वाहनों की आवाजाही में परेशानी होती है। इसी बीच एक वाहन के खराब हो जाने से स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।
अधूरी पुलिया बनी परेशानी का कारण
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा रहने के कारण इस मार्ग पर अक्सर जाम की समस्या उत्पन्न होती है। रांची और जमशेदपुर के बीच आवागमन करने वाले वाहन चालकों को इस समस्या से जूझना पड़ता है।
लगातार लगने वाले जाम से आम राहगीरों के साथ-साथ दैनिक यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में संबंधित विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से अधूरी पुलिया का निर्माण जल्द पूरा कराने तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठ रही है, ताकि लोगों को बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
