सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह और चांडिल प्रखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष बैठक आयोजित की गई। इस दौरान यह भी उल्लेख किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल 4,399 दिनों से अधिक का हो चुका है। कार्यक्रम क्रमशः नीमडीह के आदारडीह स्थित सामुदायिक भवन तथा चांडिल के बाबूर बगान में आयोजित किया गया।



बैठक में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण तथा देश में हुए विभिन्न विकासात्मक कार्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही नीमडीह पश्चिम, नीमडीह पूर्वी एवं कुकड़ू क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान, संगठन की मजबूती तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर भी चर्चा हुई।
केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कार्यकर्ताओं से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देने तथा जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
बैठक में लोकतंत्र को अधिक सशक्त और पारदर्शी बनाने की दिशा में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के महत्व पर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों से मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, जिला महामंत्री भूषण मुर्मू, जिला मंत्री रुपेश वर्मा उर्फ पप्पू वर्मा, मधुसूदन गोराई, पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिता पारित, भाजपा के वरिष्ठ नेता बलराम महतो, मदन सिंह सरदार, चन्द्रमोहन दास, पूर्व जिला उपाध्यक्ष खुदी सिंह सरदार, मंडल अध्यक्ष जयंत रजक, बिपुल सिंह, सुमन मुखर्जी, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार महतो, कालिंदी समाज के अध्यक्ष कृष्णा कालिंदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद थे।



