लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र, झारखंड, रांची के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ने मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में कोल्हान डीआईजी, पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक, सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक तथा पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



बैठक के दौरान लंबित कांडों की प्रगति, जिले की विधि-व्यवस्था की स्थिति, एसआईटी से संबंधित मामलों, एसआईपीयू, आईसीजेएस एवं सीसीटीएनएस की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, डायल-112 से जुड़ी समस्याओं के निराकरण तथा आईटीएसएसओ की प्रगति पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा के उपरांत अपर पुलिस महानिदेशक ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा तकनीकी प्रणालियों के बेहतर संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जनसुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
एडीजी ने कहा कि पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाए तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जाए, ताकि आम जनता को त्वरित न्याय एवं बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध हो सके।



