जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक ईंट-बालू कारोबारी पर बाइक सवार दो युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने कारोबारी के गले पर चाकू से वार कर उन्हें धमकाया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल कारोबारी ने टेल्को थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस शिकायत दर्ज कर जांच में जुट गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, केबल टाउन निवासी सुजीत झा ईंट-बालू के कारोबार से जुड़े हुए हैं। शनिवार सुबह वह रोजाना की तरह अपने स्टॉक यार्ड पहुंचे थे। इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और बिना किसी कारण उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे।



सुजीत झा ने बताया कि युवकों ने उनसे कहा कि “तुम बहुत पैसा कमा रहे हो।” इसके बाद दोनों ने उन्हें पकड़ लिया और गले पर चाकू रखकर धमकाने लगे। विरोध करने पर चाकू उनके गले में लग गया, जिससे वह घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए. पीड़ित कारोबारी ने बताया कि वह दोनों युवकों को पहले से नहीं जानते हैं और उनका किसी से कोई विवाद भी नहीं है। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने उनसे किसी प्रकार की रंगदारी या पैसों की मांग नहीं की, बल्कि केवल धमकाकर चले गए।
घटना के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय कारोबारियों ने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, सुजीत झा ने भी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. टेल्को थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



