“चेन स्नैचिंग से शुरू हुआ मामला, देर रात टाउन हॉल के पास पुलिस-अपराधी के बीच फिर हुई मुठभेड़”
जमशेदपुर : शहर में पुलिस और अपराधियों के बीच टकराव का सिलसिला सोमवार देर रात भी जारी रहा। टेल्को क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस पर फायरिंग करने वाले गिरफ्तार अपराधी ने देर रात हथियार बरामदगी के दौरान एक बार फिर पुलिस टीम पर गोली चला दी। हालांकि पुलिस की सतर्कता और त्वरित जवाबी कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में दो गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



हथियार बरामदगी के दौरान पलटी बाजी……
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अपराधी सतपाल उर्फ गबरू ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया था कि उसने घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान सिदगोड़ा टाउन हॉल के पास स्थित शौचालय के समीप छिपा रखा है। इसी सूचना के आधार पर देर रात करीब दो बजे पुलिस टीम उसे बरामदगी के लिए मौके पर लेकर पहुंची।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन, पिस्तौल और बाइक की असली नंबर प्लेट बरामद कर ली। इसी दौरान अचानक सतपाल ने सिदगोड़ा थाना के जवान सुशांत सुंडी को धक्का देकर उनकी सरकारी पिस्तौल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में सुशांत सुंडी समेत अन्य जवान बाल-बाल बच गए।
टाइगर मोबाइल के जवान ने दिखाई बहादुरी…….
अचानक हुए हमले के बाद मौके पर मौजूद टाइगर मोबाइल के जवान शम्स तबरेज ने त्वरित जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की फायरिंग में आरोपी के पैर में दो गोलियां लगीं, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहे थे बाइक……
सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अकरम ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने हथियार और अन्य सामान छिपाने की बात स्वीकार की थी। पुलिस जब बरामदगी के लिए पहुंची तो मौके से चोरी की सोने की चेन, पिस्तौल और बाइक की असली नंबर प्लेट बरामद हुई। जांच में यह भी सामने आया कि अपराधी जिस बाइक का इस्तेमाल कर रहे थे, उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी, जबकि असली नंबर प्लेट शौचालय के पास छिपाकर रखी गई थी।
क्या है पूरा मामला?…..
सोमवार शाम टेल्को के घड़ी पार्क के पास टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मी कृष्ण गोपाल की पत्नी से दो बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने पीछा शुरू किया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला. फायरिंग के बीच भागते हुए दोनों अपराधी सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर के समीप जमशेदपुर आर्म्ड पुलिस-6 परिसर में घुस गए, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया था। अब देर रात हुई दूसरी मुठभेड़ ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
पुलिस जल्द कर सकती है बड़ा खुलासा…….
घटना के बाद पुलिस पूरे गिरोह और अपराधियों के आपराधिक नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और बरामद साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।



