जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के देबुन बागान में रविवार देर रात हुई फायरिंग की घटना में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान टाटा लाइन निवासी दीपक झा के रूप में हुई है। गोली उसके दाहिने पैर में लगी है। घटना के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक झा पूर्व में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और सोमवार को इंटरव्यू के सिलसिले में कोलकाता जाने की तैयारी कर रहा था। रविवार रात किसी कम से गोलमुरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान देबुन बागान चौक के समीप कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई। इसी बीच चली एक गोली दीपक झा के दाहिने पैर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायल दीपक ने घटना के तुरंत बाद अपने एक परिचित को फोन कर मदद के लिए बुलाया। इसके बाद उसे इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के दौरान गोली लगने की पुष्टि हुई।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि फायरिंग करने वाले युवक कौन थे और घटना के पीछे क्या कारण था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।



