गुवाहाटी : असम की राजधानी गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार आरोपी पति रामानुज गोस्वामी की पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश के दौरान गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को मेडिकल जांच के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने नरकासुर हिल इलाके में चलती पुलिस गाड़ी से छलांग लगाकर फरार होने की कोशिश की. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के भागने की कोशिश के दौरान पुलिस ने गोली चलाई। गोली रामानुज को लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। बाद में उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

फ्रिज से मिला था पत्नी का कटा सिर……
रामानुज गोस्वामी पर अपनी पत्नी रिया तालुकदार गोस्वामी की हत्या का आरोप था। पुलिस के मुताबिक, हाटीगांव स्थित उनके अपार्टमेंट में रिया की कथित तौर पर हत्या की गई थी। घर से दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। तलाशी के दौरान रेफ्रिजरेटर से रिया का कटा हुआ सिर बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस जांच में कमरे के अंदर धारदार हथियार, शराब की कई बोतलें और खून के धब्बे मिले थे। घर का सामान भी अस्त-व्यस्त हालत में पाया गया था। फोरेंसिक जांच में रिया की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी।
झगड़े के बाद हत्या का आरोप…….
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि रामानुज ने कथित तौर पर झगड़े के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। घटना के करीब दो दिन बाद उसने हाटीगांव थाने में सरेंडर किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था. बताया गया कि रिया और रामानुज की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी और दोनों हाटीगांव स्थित अपार्टमेंट में साथ रहते थे। मूल रूप से गौरीपुर निवासी रामानुज उबर ड्राइवर के तौर पर काम करता था, जबकि रिया एक बुटीक में नौकरी करती थी. अब पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश के दौरान आरोपी की मौत ने पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया है। पुलिस घटना के दौरान हुई फायरिंग और आरोपी के भागने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
