जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के बंगाल क्लब रोड स्थित अभिषेक जुबली चाय दुकान के समीप हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में गोलमुरी के टुइलाडुंगरी निवासी विपिन शुक्ला (28) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध देसी पिस्तौल एवं एक मैगजीन भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 19 जून की रात करीब 10 बजे बंगाल क्लब रोड पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने का प्रयास किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मौके से 7.65 एमएम का एक खोखा बरामद किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व एवं नगर डीएसपी की निगरानी में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं गुप्त सूचनाओं के आधार पर घटना में शामिल अपराधी की पहचान कर ली। इसके बाद 21 जून को सीतारामडेरा बस स्टैंड की ओर जाते समय हाथीघोड़ा मंदिर के समीप से विपिन शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक अवैध देसी पिस्तौल और मैगजीन बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि बंगाल क्लब रोड के दुकानदारों में भय का माहौल पैदा कर रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से उसने फायरिंग की थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने स्वर्णरेखा नदी किनारे झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में रंगदारी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा ऐसे मामलों में शामिल अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

