जमशेदपुर : जुगसलाई स्थित चूना भट्ठा बस्ती में व्याप्त बुनियादी समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में समाजसेवी नीलोफर हुसैन के आमंत्रण पर बस्ती पहुंचे झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता बबन राय ने क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्याओं को सुना और हालात पर गहरी चिंता व्यक्त की।

बस्तीवासियों ने बताया कि इलाके में लंबे समय से बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। इसके अलावा बस्ती का निचला इलाका होने के कारण हल्की बारिश में भी जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। बारिश के दौरान सड़कों और घरों के आसपास घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो जाता है और उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने के बाद बबन राय ने संबंधित व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बस्तीवासियों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले को सरकार और टाटा कंपनी के उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि चूना भट्ठा बस्ती की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो झामुमो जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की होगी. मौके पर समाजसेवी नीलोफर हुसैन समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे, जिन्होंने बस्ती की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

