जमशेदपुर : पोखारी स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी परिसर में बुधवार को 16वें साईं महोत्सव एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस दोहरे उत्सव में नेताजी सुभाष ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से जुड़े विभिन्न शिक्षण एवं चिकित्सा संस्थानों के पदाधिकारी, चिकित्सक, प्राध्यापक, शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत शिरडी साईं बाबा की विशेष पूजा-अर्चना से हुई। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आयोजित पूजा, महाआरती एवं भजन संध्या में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने अपने परिवार के साथ पूजा-अर्चना कर सभी के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पूजा के उपरांत उपस्थित शिक्षकों, डॉक्टरों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
आध्यात्मिक कार्यक्रम के पश्चात कुलाधिपति मदन मोहन सिंह का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न संस्थानों के प्रमुखों, वरिष्ठ शिक्षकों एवं डॉक्टरों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मदन मोहन सिंह ने कहा कि संस्थान परिवार के सभी सदस्यों का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य झारखंड एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर करियर अवसर और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करना है। उन्होंने शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने कुलाधिपति को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन के कारण विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और विद्यालय समूह आज क्षेत्र में शिक्षा एवं सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद एवं यशस्वी जीवन की कामना की. कार्यक्रम के अंतिम चरण में शिक्षकों, प्राचार्यों एवं वरिष्ठ चिकित्सकों ने सामूहिक रूप से केक काटकर जन्मदिवस समारोह को यादगार बनाया। पूरा आयोजन सौहार्दपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

