जमशेदपुर : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी टाटानगर की टीम ने एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल तथा रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आरपीएफ टाटानगर एवं जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए विक्की गुप्ता (35 वर्ष) नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रामनगर का निवासी बताया गया है।

जांच में पता चला कि आरोपी ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रात के समय एक यात्री का मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आवश्यक पूछताछ और जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी किसी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है या नहीं।
यह पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर, रेलवे सुरक्षा बल टाटानगर एवं जीआरपी थाना प्रभारी के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) बलबीर प्रसाद ने किया। रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्टेशन परिसरों में होने वाली चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन यात्री सुरक्षा लगातार चलाया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को दें।

