आदित्यपुर : गुजरात के सूरत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार को शव को एंबुलेंस में रखकर आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित बोल बम पेट्रोलियम प्रोडक्ट कंपनी के मुख्य द्वार पर धरना दिया और मामले की निष्पक्ष जांच, मुआवजा तथा परिजन को नौकरी देने की मांग उठाई।

सूरत में कंपनी क्वार्टर से मिला था शव…..
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी 32 वर्षीय साजू केसरी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि साजू गुजरात के सूरत स्थित जेके पेट्रोलियम कंपनी में कार्यरत था। 22 जून की रात कंपनी के आवासीय परिसर में उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद शव को उसके पैतृक गांव लाया गया, जहां परिजनों ने मौत पर संदेह जताते हुए न्याय की मांग शुरू कर दी।
बोल बम पेट्रोलियम के माध्यम से भेजे जाने का आरोप…..
मृतक के परिजनों का आरोप है कि साजू केसरी को आदित्यपुर स्थित बोल बम पेट्रोलियम प्रोडक्ट कंपनी के माध्यम से सूरत भेजा गया था। उनका कहना है कि युवक की मौत की परिस्थितियां संदिग्ध हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही कंपनी को भी अपनी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।
मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग…..
धरने पर बैठे परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी उपलब्ध कराने की मांग की है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कंपनी प्रबंधन ने साधी चुप्पी…..
मामले में बोल बम पेट्रोलियम प्रोडक्ट कंपनी के प्रबंधन से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कंपनी के प्रतिनिधियों ने इस संबंध में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का मिला समर्थन……
धरना-प्रदर्शन में झामुमो नगर सचिव कृष्णा महतो, नगर उपाध्यक्ष राजेश लाहा, बहादुर किस्कू समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने मृतक के परिजनों की मांगों का समर्थन करते हुए दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

