जमशेदपुर : ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की ओर से 24 जुलाई 2026 को हैदराबाद में आयोजित होने वाले “महिलाओं एवं बच्चियों पर बढ़ते अत्याचार के खिलाफ अखिल भारतीय सेमिनार” को सफल बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में व्यापक प्रचार अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं से सेमिनार में भागीदारी सुनिश्चित करने और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की गई।

AIDSO के पूर्वी सिंहभूम जिला सचिव शुभम झा ने कहा कि देशभर में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ते अपराध गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे समय में समाज के सभी लोकतांत्रिक और प्रगतिशील वर्गों, विशेषकर छात्र-युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे इस सामाजिक बुराई के खिलाफ संगठित होकर संघर्ष करें।
उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के विरुद्ध बढ़ते अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए केवल कठोर कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूर्ण शराबबंदी लागू करने, अश्लील फिल्मों एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार पर रोक लगाने तथा बच्चियों, छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा की ठोस गारंटी सुनिश्चित करने की भी आवश्यकता है।
प्रचार अभियान में AIDSO के प्रदेश अध्यक्ष समर महतो, प्रदेश सचिव सोहन महतो, प्रदेश सचिव मंडली सदस्य जूलियस फूचिक, नगर अध्यक्ष सविता सोरेन, जमुना सोरेन तथा अपूर्व महतो समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन ने छात्रों और युवाओं से 24 जुलाई को आयोजित अखिल भारतीय सेमिनार को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

