जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने रविवार को पुलिस अधीक्षक (नगर/ग्रामीण), सहायक पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, घाटशिला, सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण तथा आम लोगों के प्रति पुलिस के व्यवहार में सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए. बैठक की शुरुआत में एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को एक टीम की भावना से कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आम जनता को त्वरित एवं बेहतर सेवा उपलब्ध कराना होनी चाहिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थाने में आने वाले प्रत्येक आगंतुक के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें, उन्हें ठंडा पानी उपलब्ध कराएं तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।




एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी थाना क्षेत्र में अवैध जुआ, लॉटरी, ड्रग्स या अवैध बालू कारोबार संचालित होता पाया गया तो संबंधित थाना प्रभारी को सीधे तौर पर जिम्मेदार माना जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. बैठक में अवैध अग्नेयास्त्र, अवैध चाकू एवं अन्य प्रतिबंधित हथियारों के विरुद्ध लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। वहीं दागी एवं गुंडा पंजी में दर्ज अपराधियों की नियमित थाना हाजिरी सुनिश्चित कराने तथा उन्हें भविष्य में अपराध से दूर रहने की हिदायत देने को भी कहा गया।
एसएसपी ने थाना गश्ती, पीसीआर एवं डैंगो मोबाइल को 24 घंटे सक्रिय पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही बैंक, एटीएम, वित्तीय संस्थानों, ज्वेलरी दुकानों एवं पेट्रोल पंपों पर विशेष निगरानी रखने को कहा, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके. महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल, कॉलेज और पार्कों के आसपास छेड़खानी तथा चेन छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश भी दिया गया।
यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने सभी यातायात थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि यातायात संधारण के नाम पर आम लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाए. बैठक के अंत में एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग के माध्यम से जनता का विश्वास मजबूत करने का आह्वान किया।

