रांची : झारखंड सरकार के वित्त मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण किशोर इन दिनों सरकारी वाहन की जगह अपने निजी वाहन से आवागमन कर रहे हैं। उनके इस कदम को लेकर राजनीतिक गलियारों में नाराजगी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। शुक्रवार को पत्रकारों ने जब उनसे सरकारी गाड़ी का उपयोग नहीं करने का कारण पूछा तो उन्होंने काफिले की ओर इशारा करते हुए कहा कि सभी सरकारी गाड़ियां साथ चल रही हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वे स्वयं निजी वाहन से क्यों चल रहे हैं।

पिछले कुछ दिनों से वित्त मंत्री के कई कदमों को लेकर यह चर्चा बनी हुई है कि वह सरकार के कुछ मुद्दों से असंतुष्ट हैं। हालांकि उन्होंने सार्वजनिक रूप से किसी प्रकार की नाराजगी स्वीकार नहीं की है। उनके निजी वाहन से सफर करने को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, जबकि सरकार या मंत्री की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

