चेन्नई। 2013 के IPL सट्टेबाजी विवाद से जुड़े मानहानि मामले में मद्रास हाईकोर्ट ने पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी को नोटिस जारी कर 9 अक्टूबर 2026 तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। यह मामला रिटायर्ड IPS अधिकारी जी. संपत कुमार की ओर से दायर तीन आवेदनों से जुड़ा है। संपत कुमार ने अदालत से धोनी के बयान की रिकॉर्डिंग की निगरानी के लिए न्यायिक अधिकारी नियुक्त करने, पूरी कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने और उसकी बिना एडिट की गई प्रति उपलब्ध कराने समेत अन्य मांगें की हैं। उन्होंने यह भी मांग की है कि बयान की रिकॉर्डिंग अदालत परिसर या किसी सरकारी भवन में कराई जाए।

यह विवाद उस मामले से जुड़ा है जिसमें धोनी ने 2014 में कथित तौर पर 2013 IPL सट्टेबाजी मामले से जोड़कर बयान दिए जाने को लेकर ₹100 करोड़ की मानहानि का मुकदमा दायर किया था। मामले में अब अगली सुनवाई 9 अक्टूबर को होगी।
